शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के ‘‘हथियार’’ के रूप में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने की मांग की।सीईसी के खिलाफ ठाकरे बंधुओं के नेतृत्व में मुंबई में निकाले गए विरोध मार्च में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया, जिसका समापन एक रैली के रूप में हुआ।
मुंबई में विरोध मार्च के बाद लोगों को संबोधित करते हुए शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको भी याद होगा कि जब मोदी जी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तो उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ का नारा दिया था। याद है? हम इसे स्वीकार करते हैं। लेकिन अगर ‘मेक इन इंडिया’ के तहत आप हमारे देश में एक तानाशाह भी तैयार करने जा रहे हैं, तो हम आज यहां उस तानाशाही को दफन करने और उसे खत्म करने के लिए जुटे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बाकी सब ठीक है। लेकिन अगर ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर आप तानाशाही पैदा करने जा रहे हैं, तो समझ लीजिए कि हमने आपकी तानाशाही को दफन कर दिया है।













