मॉनसून की बारिश ने देश के कई हिस्सों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार, 14 सितंबर को 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में गंगा के उफान से 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जबकि बिहार के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और 44 लाख से ज्यादा लोग इससे घिरे हुए हैं। उत्तराखंड में चीरबासा इलाके में लैंडस्लाइड और लगातार पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते उत्तर पश्चिमी भारत और मध्य भारत में बारिश का दौर जारी है। गंगा, गंडक, नर्मदा और कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा नदी उफान पर है। राज्य के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी 25 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मेरठ, अलीगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, लखनऊ, इटावा, कानपुर और झांसी समेत आसपास के कुछ जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बिहार में भी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ का असर है और 44 लाख से ज्यादा लोगों की आबादी बाढ़ से घिरी हुई है। सोमवार को लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में अच्छी बारिश के आसार हैं।












