मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक, सितंबर के पहले दिन यानी आज देश के कई राज्यों में बदला हुआ रहेगा। उत्तर प्रदेश और बिहार से लेकर झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक बारिश का दौर बना रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा है, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय पूर्वोत्तर असम और आसपास के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के कारण पूर्वी, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में 1 सितंबर को बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ एक-दो दौर आने की संभावना है। IMD के पूर्वानुमान में आज दिल्ली के लिए भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है और 2 से 5 सितंबर के दौरान दिल्ली-हरियाणा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।













