समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के अभ्यर्थी के कथित आत्महत्या मामले को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बीच परीक्षा रद्द होने से छात्र अवसाद और संकट में था।
अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी के गंगोत्री नगर निवासी और नीट अभ्यर्थी ऋतिक मिश्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया और उसके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि कथित प्रश्न पत्र लीक के कारण परीक्षा रद्द होने से मिश्रा बहुत परेशान थे और अवसाद और तनाव से जूझते हुए उन्होंने अपना जीवन समाप्त कर लिया।
अखिलेश यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सपा प्रतिनिधिमंडल ने मिश्रा के परिवार के लिए दो करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग करते हुए लखीमपुर खीरी जिला मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन भी सौंपा।













