बिहार के नालंदा जिला स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार को चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से बड़ा हादसा हो गया। अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था के कारण मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
ममता देवी नाम की एक श्रद्धालु ने बताया, “मंगलवार को यहां हमेशा भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हमलोग भी पटना से दर्शन के लिए आए हैं। लेकिन अचानक भगदड़ मच गई, और लोगों की जान चली गई। यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ… यहां बहुत ज़्यादा भीड़ है। प्रशासन का कोई भी व्यक्ति यहां मौजूद नहीं है।
बताया जा रहा है कि विशेष पूजा के चलते सुबह से ही मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु जल्दी दर्शन करने के प्रयास में कतार तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भगदड़ मच गई।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत हालात को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक घायल अभी भी उपचाराधीन हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।












