निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत ‘विचाराधीन’ श्रेणी में रखे मतदाताओं के मामलों की सुनवाई के आधार पर सोमवार देर रात पहली पूरक मतदाता सूची जारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक बूथ की सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देर रात करीब 11.55 बजे उपलब्ध कराई गई।
निर्वाचन आयोग द्वारा 28 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में लगभग 60 लाख नामों को ‘विचाराधीन’ के रूप में चिह्नित किया गया था। इसके बाद, इन नामों को मतदाता सूची में रखा जाए या हटाया जाए, यह निर्धारित करने के लिए 705 न्यायिक अधिकारियों को नियुक्त किया गया था।
पूरक सूची में उन मतदाताओं के नाम शामिल हैं जिनके मामलों का निर्णय इन न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है।













