इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद तेहरान ने भी जोरदार जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। जंग शुरू होने से मध्य-पूर्व के कई देशों में एयरपोर्ट बंद हो गए हैं। कांग्रेस ने हालात पर चिंता जताते हुए सरकार से ईरान, इजरायल समेत मध्य-पूर्व के देशों में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा और वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
इजरायल-अमेरिका और ईरान में जंग के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तेजी से बढ़ते तनाव बेहद चिंताजनक हैं। मध्य पूर्व में हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वह हमारे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल और सक्रिय कदम उठाए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मांग की है कि भारत सरकार ईरान और पूरे मध्य पूर्व में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि हाल ही में ईरान के विरुद्ध सैन्य तनाव बढ़ने के बाद मध्य पूर्व में बिगड़ती स्थिति को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस गहरी चिंता व्यक्त करती है। क्षेत्र में शांति और स्थिरता सर्वोपरि है और इसे बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि हम ईरान और पूरे मध्य पूर्व में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हम भारत सरकार से आग्रह करते हैं कि उनकी सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय करे।












