भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल के लिए 2026 की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल मंगलवार को प्रकाशित कर दिया गया है। अब राज्य के मतदाताओं को अपने नाम की जांच करने और जरूरी सुधार कराने का अवसर दिया गया है।
मौत, जगह बदलने, डुप्लीकेशन, लापता होने और दूसरे कारणों से ड्राफ्ट लिस्ट से 58 लाख से ज्यादा मौजूदा वोटर्स को हटा दिया गया है। ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पश्चिम बंगाल की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए गए वोटर्स की सही संख्या 5,820,898 है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, गलत दर्ज है या किसी अन्य प्रकार का सुधार आवश्यक है, तो वह आवेदन कर सकता है।













