कांग्रेस पार्टी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से संबंधित लाखों पन्नों की सामग्री को पूरी तरह से डिजिटाइज कर सार्वजनिक कर दिया है। ‘द नेहरू आर्काइव’ नाम का यह ओपन-एक्सेस डिजिटल प्लेटफॉर्म अब आम नागरिकों, शोधकर्ताओं, छात्रों और इतिहास प्रेमियों के लिए उपलब्ध है।
बिना किसी शुल्क के नेहरू की चिट्ठियां, भाषण, नोट्स, किताबों के ड्राफ्ट और अन्य दस्तावेज देखे व डाउनलोड किए जा सकते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ये घोषणा की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, “फैक्ट्स तो फैक्ट्स होते हैं और आपके लाइक्स की वजह से गायब नहीं होंगे। पंडित नेहरू और भारत के लिए उनकी बड़ी कामयाबियों को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश करने, गलत जानकारी और फेक न्यूज देने के इस दौर में, सच्चाई और आने वाली पीढ़ियों के लिए उनकी लिखी बातों को डिजिटाइज करना सही है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे खुशी है कि ‘द नेहरू आर्काइव’ अब लाइव है। यह जवाहरलाल नेहरू की लिखी बातों का भारत का पहला बड़ा, ओपन-एक्सेस डिजिटल आर्काइव है, जिसमें चिट्ठियां, भाषण, नोट्स और भी बहुत कुछ हैं, जो सभी आपस में जुड़े हुए हैं और आसानी से इस्तेमाल के लिए फ्री में उपलब्ध हैं।













