अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज बड़ा ऐलान करते हुए दावा किया कि ईरान से बातचीत जारी है, जिसे देखते हुए अमेरिका अगले 5 दिन तक उसके ऊर्जा संयंत्रों पर कोई हमला नहीं करेगा। वहीं ईरान ने किसी वार्ता से इनकार करते हुए कहा कि चेतावनी के कारण अमेरिकी राष्ट्रपति पीछे हटे।
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में कहा कि अमेरिका की ईरान के साथ सकारात्मक और उत्पादक बातचीत हुई है, जिसके बाद वह मिलिट्री को ईरानी पावर प्लांट और ऊर्जा ढांचों के खिलाफ किसी भी सैन्य हमले को टालने का आदेश देंगे। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को पूरी तरह खत्म करने को लेकर गंभीर वार्ता जारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘ईरान के साथ पिछले दो दिनों में बेहद सकारात्मक और उत्पादक बातचीत हुई है, जिसका मकसद मध्य पूर्व में जारी टकराव का पूर्ण समाधान निकालना है। चर्चाओं का ये दौर पूरे हफ्ते जारी रहेगा। दोनों देशों के बीच गहन और विस्तृत चर्चाओं के सकारात्मक रवैए को देखते हुए मैंने अमेरिकी रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य हमलों को फिलहाल पांच दिनों के लिए टाल दिया जाए।













