उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शनिवार को उस समय अराजकता की स्थिति पैदा हो गई जब शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के कार्यालय में घुसकर रायपुर क्षेत्र से बीजेपी विधायक उमेश शर्मा और उनके समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। निदेशक के कमरे में हुई इस घटना में नौडियाल को एक आंख के पास चोटें भी आईं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने बताया कि विधायक एक प्राथमिक स्कूल का नाम बदलने के संबंध में जानकारी के लिए आए थे और जब उन्होंने यह बताया कि मामला शासन स्तर पर लंबित है तो विधायक और उनके समर्थक भड़क गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के आरोपों से इंकार करते हुए उमेश शर्मा ने कहा कि वीडियो में भी देखा जा सकता है कि वह बैठे हुए थे और लोगों को समझा रहे थे। उन्होंने कहा कि एक स्कूल बनाने के लिए निशुल्क अपनी जमीन देने वाले परिवार की इच्छा है कि स्कूल का नाम उनके परिवार के बुजुर्ग पदमसिंह रावत के नाम पर रख दिया जाए।
विधायक ने कहा कि परिवार इस मांग को लेकर पिछले सात-आठ माह से स्कूल तथा निदेशालय के चक्कर काट रहा है। उन्होंने कहा कि नौडियाल ने परिवार को बताया था कि वह इस संबंध में शासन को चिट्ठी भेज चुके हैं। शर्मा ने कहा कि हालांकि, जब उन्होंने खुद प्रारंभिक शिक्षा सचिव से पूछा तो उन्होंने ऐसी कोई फाइल आने से इंकार किया। विधायक ने कहा कि इस पर उन्होंने अधिकारी के कार्यालय जाकर उनसे उस चिट्ठी की प्रति मांगी जो शासन को भेजी गई थी। शर्मा ने दावा किया कि अधिकारी ने चिट्ठी देने की बजाय अपने कमरे में कुछ लोग बुला लिए जिसके बाद मारपीट शुरू हो गयी।












