उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों की प्रतिमाएं फिर से स्थापित किए जाने के बाद उनका दूध और गंगाजल से ‘‘अभिषेक’’ किया और मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क किनारे स्वतंत्रता सेनानियों राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाएं स्थापित थीं, जिन पर जनप्रतिनिधि नियमित रूप से माल्यार्पण करते थे।
आरोप है कि रविवार रात इन्हें बुलडोजर से गिरा दिया गया और बाद में मलबे को कूड़ा वाहन में लादकर फेंक दिया।कांग्रेस की जिला इकाई के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि शहीदों की प्रतिमाओं के अपमान से वह बेहद आहत हैं।
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार रात सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकाला और बाद में पुन: स्थापित प्रतिमाओं के पास पहुंचकर दूध व गंगाजल से उनका ‘‘अभिषेक’’ किया।गुप्ता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लोग शहीदों का अपमान कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए शहीद पूजनीय हैं।
इस बीच, महापौर ने कहा कि पुरानी प्रतिमाओं को ही ठीक कर पुनः स्थापित किया गया है जिसके बाद विवाद और गहरा गया है।लोगों का कहना है कि पहले सामने आए वीडियो में प्रतिमाओं के सिर और धड़ टूटे दिख रहे थे, ऐसे में वही प्रतिमाएं कैसे फिर से लगा दी गईं।












