आजमगढ़:उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को 1,61,035 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार यादव को 5,08,239 मत मिले, जबकि भाजपा के मौजूदा सांसद निरहुआ को 3,47,204 मत मिले। बसपा उम्मीदवार मोहम्मद सबीह अंसारी को इस सीट पर 1,79839 मत मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे।
वर्ष 2019 के चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता ‘निरहुआ’ से 2,59,874 मतों के अंतर से सीट जीती थी। वर्ष 2022 में अखिलेश ने करहल सीट से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सीट छोड़ दी और उपचुनाव में धर्मेंद्र यादव भाजपा के ‘निरहुआ’ से हार गए। उपचुनाव में निरहुआ ने 8,769 मतों के अंतर से जीत हासिल की। 2009 में यह सीट भाजपा के रमाकांत यादव ने जीती थी, जबकि 2014 में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने यह सीट जीती थी।