चतरा:झारखंड के चतरा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच बुधवार दोपहर के बाद भीषण मुठभेड़ हो गई, जिसमें झारखंड पुलिस के दो जवान शहीद हो गए हैं, जबकि तीन अन्य जवानों को गोली लगी है। कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की बात कही जा रही है। शहीद जवानों में शुकन राम और सिकंदर सिंह शामिल हैं।शुकन झारखंड के पलामू और सिकंदर बिहार के रहने वाले थे। गोली लगने से घायल हुए जवान आकाश कुमार को इलाज के लिए पहले चतरा सदर अस्पताल लाया गया। गंभीर अवस्था को देखते हुए बाद में उसे रांची रेफर कर दिया गया है। उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है। दो अन्य जवान कृष्णा और संजय भी घायल हुए हैं, जिनका चतरा में इलाज चल रहा है।
मुठभेड़ पर आईजी ऑपरेशंस एवी होमकर ने कहा कि चतरा पुलिस अफ़ीम की अवैध खेती के ख़िलाफ़ अभियान चला रही थी। एक गांव में अभियान चल रहा था जहां पुलिस जवानों और टीपीसी नक्सली संगठन के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें दो जवान शहीद हो गए और एक घायल का इलाज चल रहा है। वह होश में है और हमसे बात कर रहा है। उसने हमें पूरी घटना के बारे में बताया है। दो और जवान घायल हैं और उनका इलाज चतरा के एक अस्पताल में चल रहा है।