झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बारिश से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य घायल हो गए है और एक व्यक्ति लापता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जबकि लातेहार, रांची, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात सरायकेला-खरसावां जिले में एक मकान ढहने से एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि राजनगर प्रखंड के दांडू गांव में हुई इस घटना में आठ लोग घायल भी हुए हैं। राजनगर के खंड विकास अधिकारी मलय दास ने कहा, ‘‘जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। वहीं, संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संतोष के कुछ रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे। पुलिस ने कहा कि जिले में एक अन्य घटना में, शनिवार सुबह एक घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला में सुबह चार बजे हुई।