मध्य प्रदेश में किसानों की बदहाली और प्राकृतिक आपदाओं से हुई फसल क्षति को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 6 नवंबर को सीधी जिले में एक विशाल धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है।
किसानों की मांगों को लेकर होने वाले इस प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में हजारों किसान और कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कमलेश्वर पटेल ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता से किसान परेशान हैं और यह धरना उनकी आवाज बनेगा।
कमलेश्वर पटेल के मुताबिक, बीते दो सप्ताह में प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं ने किसानों की फसलें तबाह कर दी हैं। खासतौर पर सीधी, सिंगरौली, रीवा, शहडोल, मऊगंज, मैहर और सतना जिलों में धान, सोयाबीन और अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं।













