चन्नई:तमिलनाडु के अलग-अलग जिलों में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घरों में पानी घुस गया है। सड़कों पर सैलाब नजर आ रहा है। चेंगलपट्टू शहर समेत आज भी कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। बारिश की वजह से कुन्नूर और कोटागिरी समेत कई जगहों पर सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा की गई है।
भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से नीलगिरी जिले में कोटागिरी-मेट्टुपालयम और कुन्नूर-मेट्टूपालयम सड़कों पर यातायात बाधित हुआ है। सड़कों पर पेड़ गिरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जिला प्रशासन सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने में जुटा है। कम से कम दस स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है। राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। इस बीच कलेक्टर ने लोगों से नीलगिरी के पर्यटन स्थलों की यात्रा से बचने की अपील की है।
कोयंबटूर और नीलगिरी जिलों में भारी हो रही है। नीलगिरी माउंटेन रेलवे सेवाएं 30 नवंबर तक रद्द कर दी गईं हैं। प्रभावित इलाकों में स्कूल बंद हैं। राज्य के पर्यटन मंत्री और नीलगिरी के सांसद ने बारिश प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अन्य दक्षिणी जिलों में भी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
कोयंबटूर में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। बारिश के बीच बाढ़ के पानी में एक युवक बह गया। यह घटना तब हुई जब युवक करमादाई में एक दोस्त की शादी में शामिल होने के बाद कोटागिरी लौट रहा था। युवक दोपहिया वाहन से एक पुल पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बह गया। युवक की मौत हो गई।