महाराष्ट्र में मुंबई समेत 29 नगर निकायों के लिए होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव के लिए प्रचार अभियान मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। सभी की निगाहें मुंबई में बीएमसी के लिए होने वाले बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां बीजेपी के नेतृत्व वाला महायुति ठाकरे बंधुओं की चुनौती का सामना कर रहा है।
सभी 29 नगर निकायों के 893 वार्ड में फैली 2,869 सीटों के लिए मतदान 15 जनवरी को सुबह 7.30 बजे शुरू होगा और शाम 5.30 बजे संपन्न होगा। कुल 3.48 करोड़ पात्र मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें मुंबई के 1,700 और पुणे के 1,166 उम्मीदवार शामिल हैं। मतगणना 16 जनवरी को होगी।
सभी 29 नगर निकायों के चुनाव छह साल से अधिक समय के बाद हो रहे हैं जिनका कार्यकाल 2020 और 2023 के बीच समाप्त हुआ था। इनमें से नौ मुंबई महानगर क्षेत्र में हैं। चुनावी संग्राम में छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, मुंबई, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वघाला, पनवेल, पांडे भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।
नगर निकाय चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए पूरे महाराष्ट्र में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किया है। मुंबई में बीएमसी चुनाव में मतदान और मतगणना के दिन मुंबई भर में सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसमें 25000 पुलिस जवानों समेत बड़ी संख्या में सीनियर अधिकारी भी शामिल रहेंगे। 10 एडिशनल पुलिस कमिश्नर और 33 डीसीपी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 84 एसीपी और 3000 से अधिक अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे।












