हैंज़ोऊ:एशियन गेम्स 2023 में भारतीय खिलाड़ी शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। अभी मुकाबले शुरू हुए दो ही दिन हुए हैं और भारत ने दो गोल्ड अपने नाम कर लिए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीत लिया है। अब भारत के कुल मेडल 11 हो गए हैं। साथ ही भारत अब एशियन गेम्स 2023 की पदक तालिका यानी मेडल टेबल में टॉप 5 में एंट्री कर गया है। इस बीच अभी बहुत से मुकाबले होने हैं, जिसमें भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल अपने नाम करने की दावेदारी पेश करेंगे। एशियन गेम्स 2023 के ताजा मेडल टैली की बात की जाए तो खबर लिखे जाने तक मेजबान चाइना नंबर एक पर है। चीन के नाम अब तक 32 गोल्ड, 15 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल हो गए हैं।
चीन के पास इस वक्त कुल 51 मेडल हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर रिपब्लिक ऑफ कोरिया है। उसने अब तक छह गोल्ड, सात सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीत लिए हैं। जापान तीसरे पायदान पर है। जिसके नाम चार गोल्ड, 12 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल हैं। इस देश ने अब तक कुल मिलाकर 24 मेडल अपने नाम किए हैं। उज्बेकिस्तान ने चार गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज समेत कुल 11 मेडल अपने नाम किए हैं। नंबर पांच पर अब हांगकांग चाइना और भारत बराबरी पर हैं। हांगकांग चाइना ने दो गोल्ड तीन सिल्वर और छह ब्रॉन्ज अब तक जीते हैं। उसके कुल मेडल 11 हैं। ठीक ऐसा ही हाल भारत का भी है, इसलिए दोनों को नंबर पांच पर ही रखा गया है।