उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के साथ लू जानलेवा साबित हो रह है। ऐसे में लोगों को मॉनसून की बारिस का इंतजार है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में हाल में हुई बारिश से मौसम खुशगवार है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। 22 जून से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। असम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, इसके अलावा तमिलनाडु, कर्नाटक,आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।
बिहार में भी मौसम विभाग ने बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। आईएमडी ने लोगों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। गुजरात के बाद राजस्थान में चक्रवात बिपरजॉय का कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
ओडिशा, झारखंड में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। ओडिशा में सोमवार 19 जून को कई राज्यों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं झारखंड में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और इससे ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।