देहरादून:उत्तराखंड विधानसभा सत्र की कार्यवाही का बुधवार को तीसरा दिन रहा। तीसरे दिन भी कार्यवाही के शुरू होते ही समान नागरिक संहिता विधेयक 2024 पर सदन में दिन भर चर्चा होती रही। जिसके बाद ध्वनि मत से यूसीसी विधेयक 2024 पास कर दिया गया। विधेयक पारित होने के बाद विधानसभा ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठी। वहीं विपक्षी कांग्रेस ने विधेयक लाने के तरीके का पुरजोर विरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पढ़ा। मुख्यमंत्री ने धन्यवाद प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा कि आज जब पूरे देश में महिलाओं को सशक्त बनाने की बात की जा रही है तो उसमें ये विधेयक उनको और मजबूत करेगा। सीएम ने कहा कि यह एक विशेष दिन है। कानून बन चुका है। यूसीसी पारित हो चुका है। जल्द ही इसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। जैसे ही राष्ट्रपति इस पर हस्ताक्षर करते हैं, हम इसे जल्द ही कानून के रूप में राज्य में लागू करेंगे। यूसीसी विधेयक 2024 को सदन में पास करने के बाद अब उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन जाएगा, जो देश के लिए एक नजीर बन जायेगा।