अमेरिका के साथ शांति वार्ता के लिए ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंच गया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरानी टीम संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ के नेतृत्व में इस्लामाबाद पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ राजनीतिक, सैन्य और आर्थिक अधिकारी शामिल हैं, जिनमें ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची, पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मुकद्दम, ईरान की सुप्रीम सुरक्षा परिषद के सदस्य अली अकबर अहमदैन, उपसचिव अली बाकर गानी, केंद्रीय बैंक के गवर्नर और संसद के कई सदस्य भी शामिल हैं।
इस्लामाबाद पहुंचने से पहले ईरानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे ईरानी संसद के स्पीकर एम बी गालिबाफ ने अपनी फ्लाइट से एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में वह हवाई जहाज़ की सीटों पर लगी उन बच्चियों की तस्वीरों के सामने खड़े हुए हैं, जो मिनाब में अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारी गई थीं। उन्होंने इसके साथ लिखा है, ‘मेरी हमसफर….’
ईरान पहुंचने पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख ब्रिगेडियर आसिम मुनीर और अन्य पाकिस्तानी अधिकारियों ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस वार्ता में पाकिस्तान की तरफ से सेना प्रमुख आसिम मुनीर, प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ, रक्षा मंत्री इशाक डार और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार आसिम मलिक के शामिल होने की संभावना है। इस बीच ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं होता और उसके फ्रीज किए गए अरबों डॉलर जारी नहीं किए जाते, तब तक अमेरिका के साथ बातचीत शुरू नहीं होगी।













