आज सुबह उस जगह से ताज़ा तस्वीरें सामने आईं जहाँ कल शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में धमाका हुआ था। इस धमाके में आठ लोगों की मौत हो गई। एफएसएल और सुरक्षाकर्मियों की एक टीम यहां मौजूद है।फिलहाल सुरक्षाकर्मियों ने इलाके को घेरा हुआ है। ट्रेफिक को भी पूरी तरह से डायवर्ट किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, “दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है जिसमें संदिग्ध की कार पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करती और बाहर निकलती दिखाई दे रही है। फुटेज से संकेत मिलता है कि उस समय संदिग्ध अकेला था। जांचकर्ता अब दरियागंज की ओर जाने वाले मार्ग का पता लगा रहे हैं, जबकि वाहन की पूरी गतिविधि का पता लगाने के लिए आस-पास के टोल प्लाजा के फुटेज सहित 100 से अधिक सीसीटीवी क्लिप की जांच की जा रही है।
डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने कहा, “यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच शुरू हो गई है और दिल्ली पुलिस, एफएसएल, एनएसजी की कई विशेष टीमें अपराध स्थल पर हैं और वे जांच में मदद के लिए सबूत जुटा रही हैं। जांच बहुत प्रारंभिक चरण में है। इस पर कोई भी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी… एलएनजेपी में पोस्टमार्टम भी किए जा रहे हैं। पांच पोस्टमार्टम पहले ही हो चुके हैं… हां, हमारे पास एक या दो अज्ञात शव हैं। हमने पहले ही 6 शवों की पहचान कर ली है।













