हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक उथल-पुथल खत्म होती दिख रही है। कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को ऐलान किया कि सभी मतभेद दूर हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की कांग्रेस सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। शिवकुमार ने यह भी कहा कि सभी आंतरिक मामलों को सुलझाने के लिए एक समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया गया है।
शिवकुमार ने राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में ये ऐलान किया, जिसमें दो अन्य केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भूपेश बघेल के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह भी मौजूद थीं। इस दौरान सुक्खू सरकार से इस्तीफे का ऐलान करने वाले मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।
शिवकुमार ने कहा कि सुक्खू ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी की हार की जिम्मेदारी ली है। जब उनसे पूछा गया कि क्या सुक्खू मुख्यमंत्री बने रहेंगे तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल में कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा, “जब सुक्खू मुख्यमंत्री हैं तो आप काल्पनिक सवाल क्यों पूछ रहे हैं।” शिवकुमार ने यह भी कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने सुक्खू, पार्टी विधायकों और प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह से बात की है और सभी मतभेद दूर कर लिए गए हैं।