निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को छह राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए गणना फॉर्म भरने की समयसीमा बढ़ा दी है। इसमें उत्तर प्रदेश में एसआईआर की डेडलाइन 15 दिन के लिए बढ़ाई गई है। आयोग ने राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के अनुरोध पर नए शेड्यूल को मंजूरी देते हुए संशोधित तिथियां जारी की हैं। यह पुनरीक्षण 1 जनवरी 2026 को रेफरेंस तिथि मानकर किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में एन्यूमरेशन अवधि 26 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) तक बढ़ाई गई है और ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को प्रकाशित की जाएगी। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने अहर्ता तिथि एक जनवरी, 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की घोषित तिथि को 15 दिन बढ़ाते हुए पुनः संशोधित तिथि जारी की है। संशोधित तिथि के अनुसार 26 दिसम्बर, 2025 तक गणना अवधि निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि अंतरिम मसौदा सूची अब 31 दिसंबर, 2025 को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 31 दिसम्बर, 2025 से 30 जनवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2025 से 21 फरवरी 2026 तक गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
वहीं, संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तमिलनाडु और गुजरात में एन्यूमरेशन अवधि अब 14 दिसंबर 2025 तक (रविवार) रहेगी और ड्राफ्ट मतदाता सूची 19 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) को प्रकाशित होगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान एवं निकोबार में एन्यूमरेशन अवधि 18 दिसंबर 2025 (गुरुवार) तक बढ़ाई गई है और इन तीनों के लिए ड्राफ्ट सूची 23 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को जारी की जाएगी।












