केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को बदल दिया है। एसबीके सिंह की जगह सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर बनाया गया है। सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का 26वां आयुक्त नियुक्त किया गया है। गोलचा वर्तमान में तिहाड़ जेल के महानिदेशक पर तैनात थे।
गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में एक आदेश भी जारी किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी आदेश में कहा, “आईपीएस सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। वर्तमान में दिल्ली जेल के महानिदेशक के रूप में कार्यरत गोलचा इस पद को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से अगले आदेश तक संभालेंगे।” गृह मंत्रालय द्वारा के आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के साथ की गई है।
खास बात यह है कि दिल्ली पुलिस के कमिश्नर को ऐसे समय में बदला गया है, जब एक दिन पहले ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर ‘जन सुनवाई’ के दौरान हमला किया गया था। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को हाल ही में दिल्ली पुलिस कमिश्नर का एडिशनल चार्ज दिया गया था। एसबीके सिंह ने 1 अगस्त, 2025 से दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला था, लेकिन 21 दिन के अंदर ही उनको पद से हटा दिया गया। एसबीके सिंह को पद से हटाने के आधिकारिक कारण का पता नहीं चल पाया है।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा वर्तमान में तिहाड़ जेल के महानिदेशक हैं। उन्होंने 1 मई, 2024 को यह पदभार ग्रहण किया था। गोलचा ने विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था), दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (खुफिया) और अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस में पुलिस उपायुक्त और संयुक्त आयुक्त के रूप में भी काम किया है।