दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर जेएनयू छात्रों और पुलिस के बीच भारी बवाल देखने को मिला है। अपनी मांगों को लेकर ‘लॉन्ग मार्च’ निकाल रहे जेएनयू छात्र संघ के नेताओं और छात्रों पर पुलिस ने जमकर डंडा चलाया है, जिसमें कई छात्र घायल हो गए हैं। वहीं पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया है और अज्ञात जगह ले गई है। छात्रों का आरोप है कि उनके शांतिपूर्ण मार्च पर पुलिस ने बर्बरता की है, जबकि पुलिस का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद हंगामा किया जा रहा था।
जेएनयू में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है। छात्रों ने कहा है कि रात 9 बजे तक डिटेन किए गए छात्रों को रिलीज किया जाए वरना पुलिस स्टेशन का घेराव करेंगे। पुलिस ने छात्रों से की अपील की है आप सभी कॉलेज के अंदर जाएं। हालांकि, छात्र अभी भी यूनिवर्सिटी गेट पर ही धरना दे रहे हैं। जेएनयूएसयू के छात्रों को पुलिस द्वारा उठाए जाने के बाद jnusu_official ने अपने इंस्टाग्राम पर थाने की घेराव की अपील की। छात्र नेता ने वीडियो में अपील करते हुए कहा कि वसंत कुंज पुलिस स्टेशन के घेराव के लिए रात 9 बजे शामिल हों।
यह मार्च विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित द्वारा एक पॉडकास्ट में यूजीसी नियमों के कार्यान्वयन पर की गई हालिया टिप्पणियों, जेएनयूएसयू पदाधिकारियों के निष्कासन और प्रस्तावित ‘रोहित अधिनियम’ को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा था। जेएनयू छात्र संघ के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर छात्र जैसे ही ‘लॉन्ग मार्च’ पर निकले तभी पुलिस से उनकी झड़प हो गई। दिल्ली पुलिस और छात्रों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस ने जमकर बल प्रयोग किया और फिर जबरन छात्रों को डिटेन कर लिया। इस दौरान सड़क पर अंबेडकर-अंबेडकर के नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बर्बरता और ‘बदसलूकी’ का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ अत्यधिक बल का प्रयोग किया गया, झड़प में कई छात्र घायल हो गए और उनमें से कुछ को पुलिस द्वारा “अपुष्ट स्थानों” पर ले जाया गया। कई छात्रों को चोटें आईं, लेकिन पुलिस ने घायलों को चिकित्सा सहायता देने से इनकार कर दिया। जेएनयूएसयू ने सभी छात्रों से आंदोलन तेज करने की अपील की है। इसने कहा कि आज रात से पूर्ण लॉकडाउन सुनिश्चित करें। शाम 9 बजे मुख्य द्वार पर पहुंचकर वसंत कुंज पुलिस स्टेशन की ओर मार्च करें।











