नई दिल्ली:राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की बारिश होने से शहर वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
अपराह्न तीन बजे जारी किए गए मौसम बुलेटिन में कहा गया था कि अगले दो घंटों में दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के आसपास के इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य तापमान है।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में सप्ताहांत के दौरान भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है क्योंकि शनिवार और रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।