मौसम विभाग ने 3, 4 और 7 अप्रैल 2026 के लिए पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट जारी किया है। इस सिस्टम का असर विशेष रूप से उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। IMD के अनुसार, 3 और 4 अप्रैल को उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है। कश्मीर घाटी में भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 4 और 5 अप्रैल को आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। IMD के अनुसार, दिन के समय बादल छाए रहेंगे और शाम को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं।
4 और 5 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में भी सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में 4 और 5 अप्रैल को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। विशेषकर पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों पर सतर्क रहने की जरूरत है।













