अलवर:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सोमवार को अलवर शहर में रोड शो किया।रोड शो में प्रियंका गांधी एक खुली छत वाले वाहन में सवार थीं। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव भी रहे।
रोड शो के दौरान प्रियंका एवं अन्य नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। अनेक जगह लोगों की ओर से मालाएं भेजी गईं। वहीं कई लोगों ने कागज पर लिख कर अपनी बातें कांग्रेस नेताओं तक पहुंचाईं।
लगभग एक घंटे के रोड शो में अलवर से कांग्रेस के पूर्व विधायकों ने भी वाहन में सवार होकर प्रियंका से मुलाकात की और लोगों का अभिवादन किया। रोड शो शहीद स्मारक से शुरू हुआ और चर्च रोड, होप सर्कस, कलाकंद मार्केट से गुजरा।
रोड शो के बाद प्रियंका ने इसके फोटो शेयर करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज राजस्थान के अलवर की जनता जिस तरह से सैलाब बनकर सड़क पर उमड़ी, वह आने वाले परिवर्तन का संकेत है। राजस्थान ने कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताकर ‘इंडिया’ की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है।’’उन्होंने लिखा ,‘‘इस बार युवाओं, महिलाओं, किसानों, दलितों, आदिवासियों की सरकार बनेगी। इस बार जनता की सरकार बनेगी।