नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान मंगलवार शाम समाप्त हो गया। इस चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इन सभी सीटों पर शाम 5 बजे तक 60.19% मतदान हुआ। इसमें सबसे ज्यादा असम में तो सबसे कम महाराष्ट्र में मतदान हुआ है। इस चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीट पर मतदान हुआ, जिसमें असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की 4 सीट शामिल हैं।
तीसरे चरण के चुनाव में 120 महिलाओं समेत करीब 1,300 उम्मीदवार मैदान में थे। जिन प्रमुख नेताओं की हार-जीत का फैसला ईवीएम में बंद हो चुका है, उनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, श्रीपद यसो नाइक, एसपी सिंह बघेल, नारायण राणे और ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी, दिग्विजय सिंह और एनसीपी की सुप्रिया सुले भी इसी चरण में चुनाव लड़ रहे थे।