देश की राजधानी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजधानी की फिजा को और सर्द बना दिया है। खासतौर पर रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और देर रात कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार, 26 दिसंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहा। रात के समय ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों और हीटर का सहारा लेते नजर आए।
कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। खासकर सुबह के वक्त दृश्यता कम होने की संभावना है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ सकता है। वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।













