नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर शुक्रवार को सुबह से जारी मतदान शाम 6 बजे संपन्न हो गया। कुछ जगहों पर लंबी कतार होने की वजह से लाइन में लगे मतदाताओं को अभी वोट डालने की इजाजत दी गई है। पहले चरण में औसत वोटिंग हुई है। शाम पांच बजे तक लगभग 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिंसा की कुछ छिटपुट घटनाओं के बावजूद पश्चिम बंगाल में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया। यहां 5 बजे तक 77.57 फीसदी मतदान हुआ। जबकि सबसे कम बिहार में 46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान हुआ। इन 102 सीटों पर कुल 1,625 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मतदान के साथ ही 9 केंद्रीय मंत्रियों और विपक्ष के कई बड़े नेताओं की किस्मत का फैसला वोटिंग मशीन में बंद हो गया। आज जिन केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हुआ उनमें नागपुर से नितिन गडकरी, डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, अरुणाचल पश्चिम से किरण रिजिजू, उधमपुर से जितेंद्र सिंह, अलवर से भूपेंद्र यादव, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, कूचबिहार से निशिथ प्रमाणिक और तमिलनाडु के नीलगिरी से एल मुरुगन के नाम शामिल हैं।
अन्य राज्यों की बात करें तो शाम 5 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 57.54, तमिलनाडु में 62.08, मध्य प्रदेश में 63.25, महाराष्ट्र में 54.85 और राजस्थान में 50.27, त्रिपुरा में 76.10, असम में 70.77, पुडुचेरी में 72.84, मेघालय में 69.91, मणिपुर में 68.62, सिक्किम में 68.06, जम्मू कश्मीर में 65.08, अरुणाचल प्रदेश में 63.97, छत्तीसगढ़ में 63.41, लक्षद्वीप में 59.02, अंडमान एवं निकोबार द्वीप में 56.87, नागालैंड में 55.02, उत्तराखंड में 53.56 और मिजोरम में 53.03 प्रतिशत मतदान हुआ है।