दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सूरज का तेवर कड़ा हो गया है। राजधानी में मौसम साफ रहेगा, लेकिन दोपहर के समय लू जैसे हालात बन सकते हैं। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम 22 से 24 डिग्री के आसपास रहेगा। हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जिससे हल्की धूलभरी आंधी के संकेत भी हैं। वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में रह सकती है।
पंजाब और हरियाणा में भी तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। यहां तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और दोपहर में हीट वेव जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि शाम के समय हल्के बादल थोड़ी राहत दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।
देशभर में अप्रैल के महीने में पारा चढ़ने लगा है। रविवार को मौसम का मिजाज साफ तौर पर बदलता नजर आ रहा है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की कगार पर है। वहीं, दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मौसम राहत देने वाला बना हुआ है।












