हल्द्वानी:उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई आगजनी, पत्थरबाजी और गोलीबारी की घटना के मद्देनजर प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी शहर के 120 लोगों के 127 शस्त्र लाइसेंस रद्द करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एसएसपी को सभी असलहे पुलिस के पास जमा कराने का आदेश दिया है।
हल्द्वानी के अपर जिला मजिस्ट्रेट फिंचाराम चौहान ने बताया कि बनभूलपुरा के स्थानीय लोगों ने घटना के दौरान अपने निजी लाइसेंसी हथियारों का दुरुपयोग कर शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया है। इसके बाद भविष्य में इसी प्रकार सार्वजनिक संपत्तियों से अतिक्रमण हटाए जाने का अभियान चलाए जाने पर उनके द्वारा लाइसेंसी हथियारों का दुरुपयोग किए जाने के अंदेशे के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट ने शस्त्र लाइसेंस को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को 24 घंटे के अंदर निलंबित किए गए शस्त्रों और शस्त्र लाइसेंसों को कब्जे में लेने का आदेश दिया है।













