नई दिल्ली:विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने चर्चा की शुरुआत की है। वह बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मणिपुर में डलबल इंजन सरकार पूरी तरह से फेल हुई है।
गौरव गोगोई ने कहा कि मणिपुर में 5,000 से ज्यादा हथियार लोगों के हाथ में हैं, भीड़ पुलिस और सुरक्षा बलों से हथियार छीन रही है। भीड़ थानों में जाकर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में जाकर हथियार लूट रही है। इनमें मशीनगन, मोर्टार , ग्रेनेड, 6 लाख गोलियां लूट लिए गए। क्या यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला नहीं है? कहां हैं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार?
गोगोई ने कहा कि यह गोलियां सुरक्षा जवानों पर, पुलिस पर और मणिपुर के निहत्थे लोगों पर चलाए जाएंगे। आप इस पर कुछ नहीं कर रहे हैं। आज यह हथियार मणिपुर में हैं, कल यह देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचेंगे, इसे कैसे रोकेंगे।
अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के बोलने के दौरान हंगामा हुआ है। निशिकंत दुबे ने कहा कि मुझे लगा था कि राहुल गांधी बोलेंगे और फिर अपोजिशन का कोई सदस्य नहीं बोल पाएगा। मैं अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करने खड़ा हुआ हूं। निशिकांत दुबे जब बोलने के लिए खड़े हुए, विपक्षी सदस्यों ने हंगामा कर दिया। इस पर निशिकांत दुबे ने कहा कि ऐसे सदन नहीं चलेगा। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष को शांत कराने की कोशिश करते हुए कहा कि नो कॉन्फिडेंस मोशन पर चर्चा नहीं करना चाहते आप?