नई दिल्ली:पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर मांग की है कि किसानों को रोकने वाले पुलिस कर्मियों को गैलेंट्री अवॉर्ड नहीं दिया जाए। कांग्रेस नेता बाजवा ने इससे पहले पंजाब विधानसभा के स्पीकर को भी इस संबंध में पत्र लिखा था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित करते हुए प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, “हरियाणा सरकार द्वारा वीरता पुरस्कारों के लिए की गई सिफारिशों के बाद गंभीर चिंता के साथ इस पत्र को लिख रहा हूं। ये पुरस्कार उन पुलिस अधिकारियों के लिए प्रस्तावित किए गए हैं, जिन पर शंभू और खनौरी सीमा पर विरोध प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण किसानों पर अकारण और अंधाधुंध गोलीबारी का आदेश देने का आरोप है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह कुख्यात जलियांवाला बाग हत्याकांड में अपनी भूमिका के लिए जनरल डायर को वीरता पदक देने के समान है। राज्य सरकार द्वारा ऐसा कृत्य न केवल बेशर्मी है, बल्कि बेहद परेशान करने वाला भी है। इन पुरस्कारों का समर्थन करके, हरियाणा सरकार उन पुलिस अधिकारियों को क्लीन चिट देती दिख रही है, जो वर्तमान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग के लिए न्यायिक जांच के दायरे में हैं।