देश में रसोई गैस का संकट अब जानलेवा होता जा रहा है। हालात यह हो गए हैं कि लोग गर्मी के बीच घंटों लाइन में लगकर गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे ही एक घटना में पंजाब के बरनाला के गांव शैहना में गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बरनाला के गांव शैहना निवासी 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर लाइन में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि सिलेंडर लेने के लिए उनका 25वां नंबर था और वे करीब दो घंटे से इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लाइन में बैठे-बैठे अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में सूचना पर पहुंचे परिजन बुजुर्ग के शव को अपने घर ले गए। परिवार की ओर से पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के कारण थोड़ी देर के लिए वहां अफरातफरी मच गई। हालांकि थोड़ी देर बाद सबकुछ पहले जैसा हो गया और लोग लाइन में लगकर गैस मिलने का इंतेजार करने लगे।












