राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिससे एक महिला की जान चली गई है। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जा रही महिला ने भारी बारिश के कारण स्टेशन पर जलजमाव से बचने के लिए एक बिजली के खंभे का सहारा लिया तो वह करंट की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्रीत विहार की रहने वाली साक्षी आहूजा नाम की महिला सुबह करीब साढ़े 5 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने पहुंची थी। उसके साथ दो अन्य महिलाएं और 3 बच्चे थे। साक्षी को भोपाल शताब्दी ट्रेन पकड़नी थी। दिल्ली में रात से ही तेज बारिश जारी है, जिसकी वजह से स्टेशन के आसपास पानी भरा हुआ था। स्टेशन की ओर जाते समय पानी से बचने के लिए महिला ने सहारा लेने के लिए जैसे ही बिजली का खंभा पकड़ा उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह गिर गई।
करंट का झटका लगते ही महिला बेसुध होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने साक्षी को बचाने की कोशिश की और सावधानी बरतते हुए उसे खंभे से अलग किया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक साक्षी ने दम तोड़ दिया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अब रेलवे के साथ ही रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने धारा 287/304 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
महिला की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा कि 25 जून को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के एग्जिट-1 के पास पीजी साइड में एक महिला को करंट लगने की सूचना मिली थी। टीम के साथ एक एएसआई जब मौके पर पहुंचे तो साक्षी आहूजा नाम की महिला बेहोश पड़ी थी। साक्षी को तुरंत उनकी बहन माधवी के साथ एलएचएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में मृतका की बहन की शिकायत पर आईपीसी की धारा 287/304-ए के तहत केस दर्ज किया गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची है और जांच कर रही है।