देश के कई हिस्सों में लोगों को तपती गर्मी के साथ लू के थपेड़ों की मार झेलनी पड़ रही है। ऐसे में जून के शुरुआती हफ्ते के बीत जाने के बाद लोगों को मॉनसून की बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मॉनसून की दस्तक में अभी देरी है। इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार, बिहार में आज यानी 7 जून से 10 जून के बीच भीषण लू की स्थिति देखने को मिल सकती है। पूर्वी झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी आज लू की स्थिति देखने को मिल सकती है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति रह सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने का अनुमान है। राजधानी में बादल छाए रहने की उम्मीद है साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। 8 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किए जा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रहने का अमुमान है। लखनऊ में आज आसमान साफ रहेगा। आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में लखनऊ के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं, दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने का अनुमान है। आज गाजियाबाद में भी आसमान साफ रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज लक्षद्वीप, केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी हिमालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम और तटीय कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।