वायनाड:केरल के वायनाड में आज हुए भूस्खलन में मारे गए लोगों के शव नीलांबुर तालुक अस्पताल में लाए गए हैं। अब तक कुल 93 शव बरामद किए गए हैं। वहीं 116 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैें।वायनाड भूस्खलन पर केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि वायनाड में भूस्खलन एक दिल दहला देने वाली आपदा है। यहां बहुत भारी बारिश हुई है। पूरा इलाका तबाह हो गया है। हमने अब तक 93 शव बरामद किए हैं, लेकिन संख्या बदल सकती है। 128 लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। कल रात सोने गए कई लोग बह गए हैं।
वायनाड भूस्खलन पर केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि हमने घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव उपचार की व्यवस्था की है। कई लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। हमने वायनाड में 45 राहत शिविर और पूरे राज्य में कुल 118 शिविर खोले हैं, जिनमें 5,531 लोग रह रहे हैं। अग्निशमन बल, एनडीआरएफ और पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं। सेना और नौसेना के विभिन्न डिवीजन बचाव कार्यों का समन्वय कर रहे हैं।