भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड और सिक्किम के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत इस वक्त कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में इस साल का पहला ठंडा दिन दर्ज किया गया, जब अधिकतम तापमान में तेज गिरावट देखने को मिली। तापमान गिरने के साथ ठंड और ज्यादा चुभने लगी है और मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि बुधवार को भी हालात में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है।
उत्तरी और हिमालयी राज्यों के साथ-साथ पूर्वी भारत में भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और चतरा जिलों में शीतलहर की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तापमान इस सीजन के नए निचले स्तर तक पहुंच गया है।













