महाराष्ट्र में एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने आज दावा किया कि जब अजित पवार जिंदा थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू हुआ था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत के बाद सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने एनसीपी पर कब्जा करने की कोशिश की थी।
एनसीपी (एसपी) के नेता रोहित पवार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि विमान हादसे से पहले जब अजित पवार जिंदा थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू हुआ था। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि विमान दुर्घटना काले जादू की वजह से हुई, क्योंकि मैं काले जादू में विश्वास नहीं करता, लेकिन जो बात मायने रखती है, वह है इसके पीछे की नीयत। लोग कहते हैं कि कुछ ऐसे अनुष्ठान किए जाते हैं जिनमें एक गुड़िया का इस्तेमाल होता है, उस पर खून डाला जाता है, और ऐसी हरकतें किसी खास व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने या उसे कमजोर करने के लिए की जाती हैं।
रोहित पवार ने कहा कि अब, यह महज एक इत्तेफाक है या कुछ और, यह मैं नहीं कह सकता। हालांकि, जब दादा जीवित थे, तब उनके घर के बाहर काला जादू किया गया था। अब, इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या नासिक के उस व्यक्ति ने ही ऐसा किया था। हमें यह भी देखना होगा कि नासिक में उस व्यक्ति से मिलने कौन-कौन लोग जाते हैं। हालांकि, यह दुर्घटना काले जादू की वजह से नहीं हुई, फिर भी यह किसी की नीयत से जुड़ी हो सकती है।
रोहित पवार ने सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दोनों ने प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर कब्जा करने की कोशिश की। रोहित पवार ने दावा किया कि नेताओं के एक ग्रुप ने चुनाव आयोग को लेटर लिखकर पार्टी के संविधान में बदलाव करके एक ‘वर्किंग प्रेसिडेंट’ को बड़े अधिकार देने का कहा था। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार ने बाद में पोल बॉडी को लेटर लिखकर कहा कि अजित पवार की मौत के बाद ट्रांजिशन पीरियड के दौरान ऐसे किसी भी लेटर को इग्नोर किया जाए।












