नई दिल्ली:पांच राज्यों में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार (29 जुलाई) को अपनी नई टीम का ऐलान किया। केंद्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की लिस्ट में कुल 38 नाम हैं। इसमें नए और पुराने चेहरों का समन्वय बैठाया गया है।
इसके मुताबिक, बीएल संतोष राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बने रहेंगे। शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों डॉ. रमन सिंह, वसुंधरा राजे सिंधिया, रघुबर दास को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश से सौदान सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कैलाश विजयवर्गीय को राष्ट्रीय महामंत्री का पद दिया गया है। कांग्रेस से आए अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। अनिल कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे हैं।
आंध्र प्रदेश के प्रभारी सुनील देवधर, सीटी रवि और दिलीप सैकिया को भी महामंत्री पद से हटाया गया है। सह कोषाध्यक्ष पद से मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता को हटाया गया है। उनकी जगह नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
राजस्थान में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय संगठन में उन्हें पुरानी जिम्मेदारी पर बरकरार रखकर सियासी मैसेज दिया गया है। संगठन में वसुंधरा को पुराने पद पर बनाए रखकर कद बरकरार रखा गया है।
पार्टी ने यह भी संकेत देने का प्रयास किया है कि राजस्थान में सामूहिक लीडरशिप में चुनाव लड़ा जाएगा। पहले से चेहरा घोषित नहीं करने के संकेत पहले ही दिए जा चुके हैं। वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय स्तर पर भी टास्क दिया जा सकता है। अब राजस्थान की चुनावी कमेटियों की घोषणा का इंतजार है, चुनावी कमेटियों में वसुंधरा राजे के रोल से भी सियासी नैरेटिव तय होगा।