जबलपुर:महाराष्ट्र के नागपुर की भाजपा नेत्री सना खान की जबलपुर में हत्या कर दी गई है। जबलपुर की गोरा बाजार पुलिस ने इस मामले में आरोपी अमित उर्फ पप्पू साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सना की हत्या कर शव को हिरन नदी में फेंकना कबूल किया है। सना ने चार महीने पहले ही अमित से कोर्ट मैरिज की थी।
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई। हालांकि, अभी तक शव नहीं मिला है। ये खुलासा भी नहीं हो सका है कि उसकी हत्या क्यों और कैसे की गई है। पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।
महाराष्ट्र पुलिस 24 घंटे की रिमांड पर आरोपी अमित साहू उसके नौकर जितेंद्र और एक अन्य आरोपी को नागपुर ले गई है। शनिवार को कोर्ट की अनुमति के बाद महाराष्ट्र पुलिस आरोपियों को वापस जबलपुर लेकर आएगी।
नागपुर के मानकापुर थाने के अवस्थी नगर में रहने वाली भाजपा नेत्री सना खान 2 अगस्त को जबलपुर आई थी, तभी से वह लापता थी। पता चला कि वह अमित साहू के पास आई थी। परिजनों ने अमित पर हत्या का शक जताया था।
सना ने कोर्ट मैरिज के समय अमित को सोने की चेन गिफ्ट की थी। पिछले कुछ दिनों से जब भी सना उसे वीडियो कॉल करती, तो उसके गले में वह चेन नहीं दिखाई देती। इसे लेकर कई बार दोनों के बीच बहस भी हुई। बताया जा रहा है कि सना खान को गोल्ड पहनने का भी शौक था।
हमेशा उसके गले और हाथों में चार से पांच लाख के जेवरात रहते थे। 2 अगस्त को जब सना जबलपुर आई थी, तब भी वह गोल्ड पहने थी। सना ने जो सोने की चेन अमित को दी थी, वह जुलाई महीने से उसके गले से गायब है। सना जब कभी पूछती, तो अमित बात टाल जाता। उसे शक था कि अमित ने चेन बेच दी है।
अमित साहू ने पहली शादी महिला पुलिसकर्मी से की थी, लेकिन अमित के अवैध कामों से परेशान होकर वह उसे छोड़कर चली गई। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 2021 में लॉकडाउन के समय अमित महाराष्ट्र से महंगी-महंगी शराब लाकर बेलखाडू स्थित ढाबे से बेचा करता था, जो उसे पसंद नही था।
अनबन के बाद अमित की पत्नी ने ही पुलिस को जानकारी देकर लाखों रुपए की शराब पकड़वाई थी। सूत्र बताते है कि सना और महिला पुलिसकर्मी की अक्सर आपस में बात होती थी। अमित उर्फ पप्पू साहू के बारे में सना को महिला ने अहम जानकारी भी दी थीं।