भारत ने सोमवार को अपने नागरिकों को परामर्श दिया कि वे चीन की यात्रा करते समय या किसी अन्य गंतव्य पर जाने के लिए वहां से गुजरते समय उचित सावधानी बरतें।नयी दिल्ली ने अपने नागरिकों को यह परामर्श अरुणाचल प्रदेश की एक महिला को शंघाई हवाई अड्डे पर प्रताड़ित किए जाने के दो सप्ताह बाद दिया है। चीन के अधिकारियों ने पारगमन के दौरान उसके भारतीय पासपोर्ट को वैध मानने से इनकार कर दिया था।
नयी दिल्ली ने यह भी कहा कि वह चीनी अधिकारियों से यह आश्वासन देने की अपेक्षा करता है कि चीन के हवाई अड्डों से गुज़रने वाले भारतीय नागरिकों को “चुनिंदा रूप से निशाना बनाकर परेशान नहीं किया जाएगा”।भारत ने यह भी आशा व्यक्त की कि चीन के अधिकारी अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा संबंधी नियमों का सम्मान करेंगे।













