शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि महाराष्ट्र और झारखंंड में बीजेपी विधानसभा चुनाव हार रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हार को देखते हुए महाराष्ट्र और झारखंड में गड़बड़ी की कोशिश की जा रही है। साथ ही राउत ने महाराष्ट्र चुनाव की घोषणा में देरी और नई सरकार के गठन के लिए बेहद कम समय निर्धारित करने को भी बीजेपी की चाल बताया है।
मुंबई में मीडिया से मुखातिब संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और जो उनके साथ हैं वह चुनाव हारने जा रहे हैं। वह किसी भी हालत में चुनाव नहीं जीत रहे हैं। लोकसभा में ये लोग हार गए, हमने उनको हराया। लेकिन विधानसभा में ये लोग हार रहे हैं, तो क्या कर रहे हैं ये आपको मालूम है? ये लोग चुनाव आयोग से हाथ मिलाकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ और घोटाले कर रहे हैं। चुनाव आयोग उनकी मदद कर रहा है।
संजय राउत ने कहा कि लगभग 150 विधानसभा सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी, जिन-जिन विधानसभा सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ने जा रही वह उन क्षेत्रों में ऐसे वोटरों को ढूंढ रहे हैं, जिन्होंने लोकसभा में महाविकास अघाड़ी को वोट दिया है। राउत की मानें तो वोटर लिस्ट में भी गड़बड़ी की जा रही है। ऐसे विधानसभा क्षेत्रों से 10 हजार वोटर्स को निकाल रहे हैं और उनकी जगह पर 10 हजार फर्जी वोटर डाल रहे हैं। कोशिश ये है कि जहां से हमारी जीतने की संभावना है वहां से कम हो जाए। यह सबसे बड़ा घोटाला हमारे लोकतंत्र में चुनाव आयोग की मदद से होने जा रहा है।