जैसे-जैसे अमेरिका-इज़रायल-ईरान संघर्ष चौथे सप्ताह में पहुंच रहा है, उसी दौरान गहराते ऊर्जा संकट से देश भर में घरों पर गैस की किल्लत का असर भी गहरा रहा है। रसोई गैस की कमी और कालाबाज़ारी की बढ़ती शिकायतों के कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है।
पेट्रोल से लेकर एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई तक में आ रही रुकावटें हालांकि कम हुई हैं। इस दौरान सरकार का दावा है कि सप्लाई में कोई खास कमी नहीं आई है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर घबराहट के चलते बुकिंग, खासकर शहरी और औद्योगिक इलाकों में डिलीवरी में देरी अब आम बात हो गई है।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के साहिबाबाद में, कई उपभोक्ताओं ने नेशनल हेरल्ड को बताया कि रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग कई दिन पहले कराने के बावजूद, उन्हें अभी तक डिलीवरी नहीं मिली है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उनके उपभोक्ता नंबर पर डिलीवरी दिखाई जा रही है, जबकि उन्हें असल में डिलीवरी कभी मिली ही नहीं।
साहिबाबाद में एलपीजी गोदाम पर आए रमेश का कहना है कि, “मैं पिछले सात दिनों से यहां आ रहा हूं। मेरी बुकिंग कन्फ़र्म हो चुकी है, लेकिन सिलेंडर अभी तक नहीं पहुँचा है।” ” रमेश एक दिहाड़ी मज़दूर है और यदु गैस एजेंसी में शिकायत दर्ज कराने आए थे। वैशाली में एक ढाबा मालिक ने बताया कि, “सिलेंडर ब्लैक मार्केट में बेचे जा रहे हैं।” उसने दावा किया कि उसने सात सिलेंडरों के लिए 35,000 रुपये दिए—यानी लगभग 5,000 रुपये प्रति सिलेंडर—जो पहले के रेट (लगभग 1,800 रुपये) से कहीं ज़्यादा है।
रसोई गैस की किल्लत का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मज़दूरों और औद्योगिक कामगारों पर बहुत ज़्यादा पड़ा है, जो खाना पकाने के लिए समय पर ईंधन मिलने पर निर्भर रहते हैं। सप्लाई कम होने की वजह से, कई लोग ब्लैक मार्केट से सिलेंडर खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।













