राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को विपक्षी दलों के ‘महागठबंधन’ के लिए बिहार विधानसभा चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बिहार को बदलाव चाहिए और महागठबंधन का यह चुनाव जीतना देश के लिए जरूरी है। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रदर्शन संबंधी एक सवाल पर गहलोत ने कहा, ‘‘इस बार चुनाव जीतना केवल हमारे लिए बहुत जरूरी नहीं है, बल्कि देश के लिए भी जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और यह चुनाव खाली बिहार का नहीं हो रहा है। एक प्रकार से देश में संदेश देने का चुनाव है कि हरियाणा में क्या हुआ, दिल्ली में क्या हुआ और महाराष्ट्र में क्या हुआ? उसे (भाजपा नीत राजग को) घमंड हो गया है लेकिन लोकतंत्र यह उचित नहीं है। मैं मानता हूं कि बीस साल के बाद में बिहार में बदलाव होना चाहिए। महागठबंधन बदलाव के लिए पूरी ताकत लगाएगा । हम सब एकजुट हैं और हम लोग अपने मकसद में कामयाब हो जाएंगे।
 
			 
                                 
					
 
                                
 
							











