कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश की स्थिति ब्रिटिश राज जैसी हो गई है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बिहार में “वोट चोरी” के जरिए सरकार बनाना चाहता है।
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “यह वही भूमि है जहां से महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन की शुरुआत की थी। आज की स्थिति देखकर लगता है कि देश फिर से उसी दिशा में जा रहा है। एनडीए सरकार ने बिहार में करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं, मतदाता सूची से हटा दिए हैं।
प्रियंका ने कहा, “बिहार में बेरोजगारी और पलायन चरम पर है। राज्य के युवा रोजगार की तलाश में बाहर जाने को मजबूर हैं। किसान बढ़ती लागत और कर के कारण खेती से पर्याप्त आय नहीं कमा पा रहे हैं।”कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “एनडीए ने देश के सार्वजनिक उपक्रमों को बर्बाद कर दिया। सभी बड़ी फैक्टरियां, उद्योग और बंदरगाह मोदी जी के दो दोस्तों को सौंप दिए गए हैं। यहां तक कि बिहार की फैक्ट्रियों और ठेकों को भी गुजरात को दिया जा रहा है। छोटे व्यापारी और उद्यमी भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे।”
उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज करते हुए कहा, “मोदी जी को अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और युवाओं की शिक्षा की चिंता करनी चाहिए, लेकिन वह इस बात को लेकर ज्यादा परेशान हैं कि कांग्रेस के पोस्टर पर तेजस्वी यादव की तस्वीर क्यों नहीं है। आप खुद ही नीतीश जी को अपने मंच पर साथ नहीं रखते।”उन्होंने कहा, “बीजेपी के नेता लगातार पंडित जवाहरलाल नेहरू का अपमान करते हैं और देश की हर गलती का ठीकरा उन पर फोड़ते हैं।













